तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार युवक घायल
गाजीपुर। गहमर थाना क्षेत्र के 220 केवीए पॉवर हाउस के पास करहिया अंधा मोड़ पर बाइक चालक को तेज रफ्तार बोलेरो ने टक्कर मार दी। इससे गंभीर अवस्था में घायल को एंबुलेंस के जरिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी अनुसार गहमर के मैगर राय पट्टी निवासी 40 वर्षीय विनोद उपाध्याय पुत्र रामाशंकर उपाध्याय शुक्रवार की शाम बाइक से भदौरा की तरफ जा रहा था। तभी करहिया अंधा मोड़ के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने टक्कर मार दी। इससे यह गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में आसपास के मौजूद लोगों ने स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी। जहां पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से घायल युवक को जिला चिकित्सालय ले गये। जहां चिकित्सकों ने बताया कि बाइक सवार के सिर में गंभीर चोट लगने के कारण स्थिति नाजुक बनी है। घटना के बाद बोलेरो मौके से फरार हो गया। इस बाबत सेवराई चौकी इंचार्ज वंश बहादुर सिंह ने बताया कि करहिया अंधा मोड़ के पास एक बाइक और बोलेरो की टक्कर हुई है। इसमें बाइक सवार घायल हो गया है। स्थिति नाजुक होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया है, जहां हालत गंभीर बनी हुई है।