गंगा नहाने गयी किशोरी डूबी, दादी के मरने पर परिवारजनों के साथ गयी थी गंगा में नहाने
– जमानियां से गोताखोरों को बुलाकर पता लगाने का किया जा रहा प्रयास
गाजीपुर। अपनी दादी के मरने पर महिला परिजनों के साथ घाट नहाने गयी नतिनी गंगा में डूब गयी। उसे बचाने का काफी प्रयास किया गया, लेकिन तेज धारा होने के चलते वह गहरे पानी में समा गयी। गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश की जा रही है। समाचार लिखे जाने तक उसे नहीं खोजा जा सकता था। वहीं इसकी जानकारी होने पर परिजनों समेत ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी। इसकी सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दी गयी। जहां सूचना मिलते ही करंडा व जमानियां थाना की पुलिस पहुंच गयी और जमानियां से गोताखोरों को बुलाकर किशोरी की तलाश की जा रही है। जानकारी के अनुसार करंडा थाना क्षेत्र के बड़सरा चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्रामसभा बयेपुर सोकनी निवासी 15 वर्षीया उजाला पुत्री ओमप्रकाश यादव अपनी दादी के मरने पर परिवार के साथ स्नान करने के लिए गांव में ही गंगा किनोर स्नान के लिए पहुंची थी। जहां पानी की तेज धारा ने उसे अपने साथ बहाने लगी। तभी उजाला बचाने के लिए चिल्लाने लगी। वहां मौजूद महिलाओं ने साड़ी फेंककर उसे बचाना चाहा, पर पानी की धारा तेज होने के चलते वह साड़ी नहीं पकड़ पायी और देखते ही देखते गहरे पानी में समा गयी। वहां हड़कंप मच गया। देखते ही देखते जानकारी होते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी। परिजनों ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। वहीं गांव के गोताखोर उसे खोजने का प्रयास किया, पर सफलता नहीं मिली। इधर थोड़ी ही देर में करंडा थाने की पुलिस पहुंच गयी। जहां जमानियां से तत्काल गोताखोरों को बुलाया गया। पुलिस की मदद से गोताखोर उजाला को खोजन का प्रयास करने लगे। लेकिन घंटों बाद भी उसका कुछ पता नहीं चल सका है। पुलिस की मौजूदगी में उसकी तलाश की जा रही थी। समाचार लिखे जाने तक उसका कुछ पता नहीं चल सका था। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ था। अभी उजाला का परिवार दादी के निधन में शोकाकुल था, कि तभी एक दूसरी घटना ने परिवार को झकझोर दिया है।