पूर्व विधान परिषद सदस्य की मनी 21वीं पुण्यतिथि
दुल्लहपुर। भारतीय जनता पार्टी के दिवंगत जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधान परिषद सदस्य सत्यनारायण तिवारी की रविवार को 21वीं पुण्यतिथि मनायी गयी। ओम् विश्वनाथ महाविद्यालय दुल्लहपुर में भाजपा जिला उपाध्यक्ष सरोज मिश्रा की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष प्रभुनाथ चौहान ने कहा कि सत्यनारायण तिवारी के नेतृत्व क्षमता की अतुलनीय शक्ति निहित थी। उनका व्यवहार व्यक्तित्व अनुकरणीय और आदर्शवादी था। यह बात मैं निसंकोच कह सकता हूं कि उनके द्वारा पार्टी से जुड़े कार्यकर्ता आज भी समर्पित कार्यकर्ता के रूप में पार्टी की सेवा निष्ठा के साथ कर रहे हैं। अनिल पांडेय ने कहा कि भाजपा का संस्कार, विचार समाज में नैतिकता का भाव व सहयोग सदभाव का आदर्शवादी संदेश प्रवाहित करता है। उपस्थित लोगों के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में रूद्र प्रताप सिंह, मंडल अध्यक्ष मनोज यादव, डा. अजय चौहान, सुरेन्द्र सिंह चौहान, सरवन सिंह, अमन मिश्रा आदि उपस्थित थे।