ठंड व शीतलहर से कंपकपी, स्कूल बंद
गाजीपुर। जनपद में कोहरे के कारण ठंड व शीतलहर और बढ़ गई है। घने कोहरे ने जहां मौसम के साथ फसलों पर भी प्रभाव डालना शुरू कर दिया है वहीं ठंड के चलते जिला प्रशासन ने इंटर तक के स्कूल-कालेज आठ जनवरी तक के लिए बंद कर दिए। ठंड से लोगों खासकर यात्रियों व दैनिक मजदूरों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में ठंड में बढ़ोतरी होने और कोहरे के बने रहने की संभावना जताई है। अधिकतम तापमान 30 व न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। दिन में 10 बजे के बाद छंटना शुरू हुआ। करीब 12 बजे सूरज के दर्शन हुए, लेकिन इसमें तेजी न होने के कारण गलन पर कोई खास असर नहीं हुआ। शीत लहर के कारण लोग अपने को घरों में ही कैद रहे। कोहरे की वजह से सड़कों पर ²श्यता काफी कम रही। ऐसे में वाहन चालक रेंगते नजर आए। मौसम विभाग ने छह जनवरी से नौ जनवरी तक घने कोहरे के साथ बारिश की भी संभावना जताई है। नौ जनवरी को बादल छाने और बूंदाबांदी होने का अनुमान जताया है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अभी ठंड पड़ेगी और सुबह में कोहरा का असर रहेगा। हालांकि दिन में मौसम साफ रहेगा। किसानों को रात में सिचाई करने में दिक्कत हो रही है। पशुपालकों को पशुओं को बचाने के लिए रात भर आग जलानी पड़ रही है।